Showing posts with the label https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/10/bollywood_1597048042.jpg Dainik BhaskarShow all
किसी ने किया रेप तो किसी ने की करोड़ों की हेरा-फेरी, जब गंभीर अपराधों में दोषी पाए जाने पर सेलेब्स ने खाई जेल की हवा

सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने एक्टर की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कराई है। रिया पर सुशांत के 15 करोड़ रुपए हड़पने के आरोप भी हैं जिनकी जांच ईडी कर रही है।

इसके साथ ही रिया पर आईपीसी की धारा 306, 341, 342, 380, 406 और 420 के तहत एफआईआर दर्ज है और अगर आरोप साबित हुए तो रिया को 10 साल तक जेल में रहना पड़ सकता है। लेकिन, रिया अकेली ऐसी सेलेब नहीं जिन पर कई गंभीर आरोप हैं। उनसे पहले भी कई सेलेब्स गंभीर अपराधों में फंसकर जेल की हवा खा चुके हैं। इनमें धोखाधड़ी, रेप, गैर-इरादतन हत्या जैसे कई अपराध शामिल हैं।

प्रेरणा अरोड़ा

'पैडमैन' और 'परी' जैसी फिल्मों की प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा करीब 8 महीने जेल में रहकर पिछले साल ही बाहर आई थीं। उन्हें मुंबई इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने 2019 में प्रोड्यूसर वाशु भगनानी से 3.16 करोड़ रुपए के फ्रॉड केस में उन्हें अरेस्ट किया था।

संजय दत्त

तीन साल में जेल से बाहर आ गए थे संजू बाबा

1993 में मुंबई में हुए ब्लास्ट मामले में संजय दत्त को टाडा (प्रिवेंशन एक्ट) के तहत अवैध रूप से हथियार रखने के दोषी पाए गए। 2013 में उन्हें 5 साल की सजा हुई। अच्छे व्यवहार के चलते संजय दत्त 25 फरवरी 2016 को पुणे की यरवदा जेल से रिहा हो गए थे।

सलमान खान

एक ही दिन में रिहा हो गए थे सलमान।

1998 में सलमान खान काला हिरण शिकार मामले में फंसे थे। जिसके बाद अप्रैल 2018 में 5 साल की सजा सुनाई गई। जोधपुर कोर्ट से मिली सजा का एक ही दिन जेल में गुजारने के बाद सलमान खान जमानत पर रिहा हो गए। सलमान पर हिट एंड रन, आर्म्स एक्ट जैसे केस भी चलाए गए, जिनमें वे बरी हो चुके हैं।

शाइनी आहूजा

रेप के आरोप साबित होने पर तीन साल जेल में रहे शाइनी।

'लाइफ इन ए मेट्रो', 'गैंगस्टर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके शाइनी को 2009 में नौकरानी से रेप के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। उनपर 2008 में घर में काम करने वाली 20 साल की नौकरानी ने रेप के आरोप लगाए थे। आरोप साबित होने पर उन्हें 7 साल की सजा हुई थी। तीन साल जेल में काटने के बाद शाइनी जमानत पर रिहा भी हो गए थे लेकिन उनका फिल्मी करियर पूरी तरह बर्बाद हो गया था।

राजपाल यादव

राजपाल यादव ने तीन महीने खाई जेल की हवा

राजपाल यादव को नवंबर 2018 में 5 करोड़ का कर्ज ना चुकाने के कारण जेल हो गई थी। राजपाल और उनकी पत्नी राधा ने 2010 में बतौर निर्देशक पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। इस मामले में दिल्ली की एक कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स ने राजपाल की कंपनी श्री नौरंग गोदावरी एंटरटेनमेंट के खिलाफ कर्ज नहीं चुकाने का केस दर्ज कराया था। आरोप साबित होने पर राजपाल तीन महीने तक जेल में रहे थे।

मोनिका बेदी

4 साल सलाखों के पीछे रहीं मोनिका बेदी

कई फिल्मों में काम कर चुकी मोनिका बेदी को गैंगस्टर अबू सलेम के साथ 2006 में फर्जी अवैध दस्तावेजों के साथ पुर्तगाल में दाखिल होने का दोषी पाया गया। लिस्बन शहर से पकड़ी गई मोनिका को 4 साल की सजा मिली। मोनिका 2010 में रिहा हो चुकी हैं, और वापस फिल्म और टीवी में काम करने की कोशिश में हैं। उन्होंने कुछ रीजनल फिल्मों के अलावा 2013-14 में आए सीरियल 'सरस्वतीचंद्र' में वैम्प की भूमिका अदा की थी।

सूरज पंचोली

1 महीने जेल में रहे सूरज।

सूरज पर गर्लफ्रेंड जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ था जिसके बाद उन्होंने लंबा समय जेल में बिताया था। जिया ने 3 जून 2013 में अपने मुंबई स्थित फ्लैट में सुसाइड कर लिया था जिसके बाद पुलिस ने उनके लिव इन ब्वॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को गिरफ्तार कर लिया था। सूरज को तकरीबन एक महीने बाद मुंबई हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी।

फरदीन खान

फरदीन ने 5 दिन जेल में काटे थे।

5 मई 2001 में कोकीन रखने के लिए फरदीन खान को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने जेल में 5 दिन बिताए। लेकिन इसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। फरदीन को जेल से सीधा रिहेबलिटेशन सेंटर भेजा गया था।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Top bollywood celebrities who went to jail

https://ift.tt/2PBMGSP