Showing posts with the label https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/23/rumi_1595494427.jpg Dainik BhaskarShow all
मुंबई पुलिस ने रूमी जाफरी को पूछताछ के लिए बुलाया, मौत से दो दिन पहले सुशांत ने फोन कर उन्हें डिप्रेशन के बारे में बताया था

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में मुंबई पुलिस की जांच जारी है। लगभग 40 लोगों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने फिल्ममेकर रूमी जाफरी को पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन बुलाया है। उन्हें 12 बजे तक पहुंचने के लिए कहा गया था। हालांकि, अभी तक वे वहां नहीं पहुंच पाए हैं। रूमी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सुशांत ने मौत से दो दिन पहले 12 जून को उनसे फोन पर बात की थी। अभिनेता ने उन्हें अपने डिप्रेशन के बारे में बताया था और कहा था कि वे इंडस्ट्री छोड़ना चाहते हैं।

सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल रूमीजाफरी

रूमी सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल हैं। अभिनेता के निधन के बाद उन्होंने खुलासा किया था कि वे सुशांत और रिया चक्रवर्ती के साथ एक फिल्म प्लान कर रहे थे। रूमी ने यह भी कहा था कि मौत से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सुशांत से फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर चर्चा की थी। उनकी मानें तो दोनों के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी।

बताया जाता है कि रूमी सुशांत और उनकी गर्लफ्रेंड रिया के साथ अपनी फिल्म पर अप्रैल में काम शुरू करने वाले थे। हालांकि, लॉकडाउन के चलते ऐसा नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने प्लान किया था कि जैसे ही देश के हालात बेहतर होंगे वे अपनी फिल्म शुरू कर देंगे।

सुशांत के पास काम न होने के दावों पर भड़क गए थे रूमी

14 जून को सुशांत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद कई तरह के कयास लगाए गए। यह तक कहा गया कि सुशांत के पास काम नहीं था, जिसके चलते वे डिप्रेशन में चले गए थे। इन खबरों को लेकर रूमी जाफरी भड़क गए थे।

उन्होंने एक बातचीत में भावुक होते हुए कहा था- मैं सिर्फ इसलिए मीडिया से बात करने के लिए आया हूं, क्योंकि उनके जैसे सुपरस्टार को ऐसे पेश किया जा रहा है, जैसे उनके पास कोई काम नहीं था और वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। यह सब पढ़कर मैं बहुत आहत हूं। वे बहुत टैलेंटेड थे और अपनी लीग के स्टार थे। लोग उनके साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। प्लीज उनका और उनकी विरासत का सम्मान कीजिए। वे स्टार ते और रहेंगे, जब तक कि यह इंडस्ट्री है।

बयान दर्ज करा चुके 40 लोगों में कई बड़े नाम शामिल

सुशांत डिप्रेशन में क्यों थे? और उन्होंने सुसाइड जैसा घातक कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब जानने के लिए पुलिस करीब 40 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।

21 जुलाई को मुंबई पुलिस ने फिल्म क्रिटिक और वरिष्ठ पत्रकार राजीव मसंद से 8 घंटे से ज्यादा पूछताछ की। सुशांत के करीबियों ने आरोप लगाया है कि राजीव मसंद सुशांत की फिल्मों को निगेटिव रिव्यू देते थे। साथ ही वे किसी के इशारे पर उनके खिलाफ निगेटिव ब्लाइंड आर्टिकल भी लिख रहे थे। सुशांत इसे लेकर दुखी और परेशान रहते थे।

इससे पहले सुशांत का इलाज कर रहे तीन साइकैट्रिस्ट और एक साइकोथेरेपिस्ट के बयान दर्ज किए गए थे। एक साइकैट्रिस्ट ने बताया कि सुशांत बाइपोलर डिसऑर्डर नाम की बीमारी से जूझ रहे थे। वहीं, बाकी डॉक्टर्स के मुताबिक, उनकी जिंदगी काफी तनाव भरी थी। हालांकि, सुशांत को यह तनाव क्यों था? इसका जवाब कोई भी डॉक्टर नहीं दे सका।

यशराज फिल्म्स के मालिक और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा से मुंबई पुलिस ने वर्सोवा थाने में पूछताछ की थी। दरअसल, सुशांत ने चोपड़ा के साथ तीन फिल्में 'शुद्ध देसी रोमांस', 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी' और 'पानी' साइन की थी। लेकिन 'पानी' बन नहीं सकी। आदित्य से इसे लेकर ही सवाल-जवाब किए गए। इसमें उन्होंने कहा कि यह फिल्म डायरेक्टर शेखर कपूर के साथ क्रिएटिव डिफरेंस के चलते नहीं बन पाई।

शेखर कपूर अपना बयान मुंबई पुलिस को मेल कर चुके हैं। इसमें उन्होंने लिखा था कि 'पानी' बंद होने के बाद सुशांत को काफी सदमा लगा था। वे टूटकर डिप्रेशन में चले गए थे। क्योंकि इस फिल्म के लिए उन्होंने अपने कई साल दे दिए थे और कई बड़े ऑफर भी ठुकरा दिए थे। शेखर को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया का सकता है।

'पानी' के लिए सुशांत ने संजय लीला भंसाली की चार फिल्में छोड़ी थीं। यह खुलासा भंसाली ने पुलिस को दिए बयान में किया। उन्होंने कहा, "'मैंने सुशांत को जो चार फिल्में ऑफर की थीं, वो 'गोलियों की रासलीला रामलीला', 'बाजीराव-मस्तानी', 'रीड' (जो बनी नहीं) और 'पद्मावत' थीं। 'रामलीला' के वक्त सुशांत YRF के कॉन्ट्रेक्ट में बंधे थे और 'पानी' के लिए वर्कशॉप ले रहे थे। इसी तरह 'बाजीराव-मस्तानी', 'रीड', और 'पद्मावत' (शाहिद कपूर के निभाए रोल) के लिए भी मैंने सुशांत को अप्रोच किया था। लेकिन इन सभी फिल्मों की डेट भी उन्होंने पहले से 'पानी' को दे रखी थीं।'

इन सबके के अलावा यशराज फिल्म के कुछ पूर्व अधिकारी, कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा, टैलेंट मैनेजर रेशमा शेट्टी, गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शोविक चक्रवर्ती, सुशांत का घरेलू स्टाफ, मैनेजर, पीआर टीम, एक्स मैनेजर, दोस्त, को-स्टार और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ ही चुकी है।

शेखर कपूर और कंगना रनोट ने अपने बयानों में सुशांत की मौत के लिए बॉलीवुड में फैले नेपोटिज्म को जिम्मेदार बताया है। कंगना ने पिछले दिनों एक इंटरव्यू में कहा था कि उनके पास समन आया है। लेकिन फिलहाल वे अपने होमटाउन मनाली में हैं। इसलिए बयान दर्ज कराने नहीं जा सकतीं।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

रूमी जाफरी सुशांत सिंह राजपूत के इतने करीब थे कि जब लोगों ने अभिनेता के पास काम न होने का दावा किया तो वे भड़क गए थे।

https://ift.tt/2Eciw69